Bihar News: 1.67 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ में विकसित होगा ऐतिहासिक कालीबाग मंदिर पार्क, निविदा जारी

Share News

अमृत 2.0 योजना के तहत बेतिया के ऐतिहासिक कालीबाग मंदिर परिसर का होगा सौंदर्यीकरण

IMG-20260810-WA0016
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण। नगर के ऐतिहासिक मां कालीबाग मंदिर परिसर को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत कालीबाग मंदिर पार्क के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए निविदा जारी की गई है।

करीब सात एकड़ भूखंड में विकसित होने वाले इस पार्क से धार्मिक आस्था के साथ-साथ शहर के पर्यटन उद्योग को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि प्रस्तावित मां कालीबाग पार्क में विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों के साथ पाथवे, गजीबो, स्ट्रीट लाइट, ओपन जिम, झूले, टिकट घर, गार्ड रूम तथा नागरिक प्रसाधन जैसी सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।

महापौर ने बताया कि स्वीकृत योजना के अनुसार प्रस्तावित कार्य की कुल अनुमानित लागत 1 करोड़ 66 लाख 54 हजार रुपये है। निविदा में भाग लेने के लिए 3 लाख 33 हजार 100 रुपये की बिड सिक्योरिटी तथा 10 हजार रुपये निविदा शुल्क निर्धारित किया गया है। कार्य पूरा करने की अवधि छह माह निर्धारित की गई है।

ऐतिहासिक कालीबाग मंदिर परिसर में प्रस्तावित पार्क के विकसित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा। विशाल भूखंड में पार्क के विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और शहर में एक प्रमुख सार्वजनिक पर्यटन स्थल तैयार होने की संभावना है।

जारी निविदा के अनुसार ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निविदा दस्तावेज ऑनलाइन प्राप्त करने की तिथि 21 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है, जबकि तकनीकी बीड खोलने की तिथि 11 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

योजना पूरी होने के बाद कालीबाग मंदिर परिसर बेतिया के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन मानचित्र पर एक नए आकर्षण के रूप में उभर सकता है। इससे पहले नगर निगम द्वारा संबंधित भूखंड की चारदीवारी भी कराई जा चुकी है।