संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक श्रीमती सीमा चौरसिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा जिलेभर में शराब तस्करों एवं कारोबारियों के विरुद्ध लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 22 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया तथा भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद की गई।

उत्पाद अधीक्षक श्रीमती सीमा चौरसिया ने बताया कि मझौलिया थाना क्षेत्र के धोखराहां एवं लालसरैया, तथा भौरोगंज थाना क्षेत्र के मद्रहनी नहर सहित अन्य हॉटस्पॉट स्थानों पर छापेमारी टीम ने ड्रोन एवं स्निफर डॉग की सहायता से अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 2,270 किलोग्राम जावा (गुड़ का घोल) तथा करीब 300 लीटर अवैध चुलाई शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरदिया कोठी मार्ग पर एक चारपहिया वाहन की तलाशी ली गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन से 8 PM ब्रांड की 79.38 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब एवं वाहन को जब्त कर उत्पाद थाना, बेतिया में कांड संख्या 1349/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक अन्य कार्रवाई में मझौलिया थाना क्षेत्र के लालसरैया रोड पर मोटरसाइकिल सवार रमेश मांझी (पिता–कुंजा मांझी, निवासी–जौकटिया, थाना मझौलिया) को गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी के दौरान 10 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई। इस मामले में उत्पाद थाना, बेतिया में कांड संख्या 1350/26 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इसी प्रकार मझौलिया थाना क्षेत्र के नानोसाती मार्ग पर सिकंदर पटेल (पिता–बंधु पटेल, निवासी–मठिया ब्रिज बैठनिया, थाना मझौलिया) के पास से 3 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। इस संबंध में उत्पाद थाना, बेतिया में कांड संख्या 1351/26 दर्ज की गई है।
वहीं शिकारपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार वार्ड संख्या-2 में छापेमारी के दौरान संजीत कुमार (पिता–लक्ष्मी महतो) के कब्जे से 3 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई। इस मामले में उत्पाद थाना, बेतिया में कांड संख्या 1357/26 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि बेतिया, नरकटियागंज एवं बगहा अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा-37 के तहत कुल 22 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।