Bihar News: केआर स्कूल से अंबेडकर चौक होते हुए संत जेवियर स्कूल तक जर्जर सड़क और नाले का होगा 3.06 करोड़ रुपये से निर्माण: महापौर गरिमा देवी सिकारिया

IMG-20260802-WA0006
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) द्वारा मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत नगर क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निविदा जारी कर दी गई है। इन दोनों योजनाओं पर लगभग 3.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

IMG 20260802 WA0006

महापौर ने जारी निविदा आमंत्रण विज्ञप्ति का हवाला देते हुए बताया कि निविदा की क्रम संख्या-2 के अंतर्गत संत जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल की दक्षिणी बाउंड्री से छोटी नहर तक आरसीसी नाला का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना की प्राक्कलित लागत 80.11 लाख रुपये निर्धारित की गई है तथा निर्माण कार्य चार माह के भीतर पूरा किया जाएगा।

IMG 20260802 WA0008

वहीं, क्रम संख्या-5 के तहत नगर निगम क्षेत्र में केआर स्कूल की पूर्वी बाउंड्री से अंबेडकर चौक होते हुए छोटी नहर तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की प्राक्कलित लागत 2 करोड़ 25 लाख 87 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इस निर्माण कार्य को आठ माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बुडको के परियोजना निदेशक द्वारा जारी निविदा के अनुसार इच्छुक संवेदक 17 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल से निविदा दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे। ऑनलाइन निविदा 25 अगस्त 2026 को अपराह्न 3:00 बजे तक अपलोड की जा सकेगी। तकनीकी निविदा उसी दिन अपराह्न 3:30 बजे खोली जाएगी, जबकि वित्तीय निविदा तकनीकी मूल्यांकन के बाद खोली जाएगी।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से नगर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, आवागमन अधिक सुगम बनेगा तथा बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

You may have missed