Bihar News: आईआईटी मद्रास से सिविल इंजीनियरिंग में पीएचडी प्राप्त कर राजापाकर के नीतीश कुमार ने बढ़ाया जिले का मान
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड क्षेत्र के राजापाकर दक्षिणी पंचायत निवासी तथा सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय रामजी शाह के पुत्र नीतीश कुमार ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान Indian Institute of Technology Madras से सिविल इंजीनियरिंग विषय में पीएचडी (डॉक्टरेट) की उपाधि प्राप्त कर जिले और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

उन्हें 17 जुलाई को आयोजित संस्थान के 63वें दीक्षांत समारोह में डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

नीतीश कुमार इससे पहले भी आईआईटी मद्रास से एमएस (मास्टर ऑफ साइंस) की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं। अपनी उत्कृष्ट शोध प्रतिभा के बल पर उन्होंने वर्ष 2024-25 में इटली में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। आगामी दिनों में वे श्रीलंका में आयोजित होने वाले एक अन्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भी भाग लेंगे। उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के कारण उन्हें यूरोप सहित कई विदेशी संस्थानों से विभिन्न शोध परियोजनाओं के लिए प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं।
नीतीश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय रामजी शाह को दिया, जो अरुणाचल प्रदेश में प्रधानाध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। गत वर्ष एक दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। नीतीश ने कहा कि पिता के अनुशासन, संस्कार और मार्गदर्शन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने की प्रेरणा दी।
उनके बड़े भाई मनीष कुमार Manish Kumar भी बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्तमान में नालंदा जिले में जिला कल्याण पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
स्थानीय शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों ने नीतीश कुमार की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया है।