Bihar News: लौरिया में सफाई कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर जताया विरोध
संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले नगर पंचायत लौरिया के सफाई कर्मियों की दो सूत्री मांगों को लेकर चल रही राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताली कर्मियों ने नगर पंचायत परिसर से जुलूस निकालकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रभु चौक गोलंबर पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया।

सभा को संबोधित करते हुए एसोसिएशन की राज्य कमेटी सदस्य श्रीमती रीता रवि ने कहा कि संगठन की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को दो सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मियों का नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा की गारंटी तथा आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी प्रतिदिन सुबह चार बजे से शहर की साफ-सफाई में जुट जाते हैं, लेकिन उन्हें आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत कम वेतन और सीमित कार्य दिवसों में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के हित में शीघ्र वार्ता कर उनकी मांगों का समाधान करने और हड़ताल समाप्त कराने की अपील की।
कार्यक्रम में पिंकी देवी, नत्थू राउत, रीना देवी, स्पून देवी, शमा देवी, मिठाई राउत, चंदन कुमार, सावन कुमार सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित रहे।