संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
वैशाली जिले के राजापाकर स्थित ई-किसान भवन परिसर में प्रखंड प्रमुख ललिता देवी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने किसान सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह को किसानों के हित में उत्कृष्ट कार्य तथा फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने कहा कि राजापाकर दक्षिणी पंचायत के किसान सलाहकार देवेंद्र प्रसाद सिंह अपने क्षेत्र में एक सक्रिय एवं समर्पित किसान सलाहकार के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हमेशा किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान के दौरान देवेंद्र प्रसाद सिंह ने गांव-गांव और घर-घर जाकर किसानों को जागरूक किया तथा उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों से राजापाकर दक्षिणी पंचायत में लगभग 2,500 फार्मर आईडी का पंजीकरण कराया गया, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसानों के हित में उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट कार्य सराहनीय हैं तथा अन्य किसान सलाहकारों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में आत्मा प्रखंड अध्यक्ष वीरचंद्र सिंह, सुबोध कुमार सिंह, नथनी प्रसाद सिंह, भीम कुमार, आलोक कुमार, शंकर राम, किसान सलाहकार रामदयाल राय, देवेंद्र प्रसाद सिंह, उर्वरक विक्रेता विनय कुमार, धर्मेंद्र कुमार, विपिन कुमार, वीरेंद्र कुमार, अरविंद कुमार सहित दर्जनों किसान सलाहकार एवं उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।