संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
स्थानीय विधायक महेंद्र राम ने बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में राजापाकर क्षेत्र की दो प्रमुख जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने शून्यकाल के माध्यम से राजापाकर पंचायत को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग की, वहीं ऊर्जा विभाग से संबंधित तारांकित प्रश्न के जरिए राजापाकर में पावर सब स्टेशन की स्थापना की आवश्यकता पर सरकार का ध्यान आकर्षित कराया।

विधायक महेंद्र राम ने नगर विकास एवं आवास विभाग की मंत्री को दी गई शून्यकाल सूचना में कहा कि राजापाकर प्रखंड मुख्यालय है तथा यहां पंचायत सरकार भवन, विभिन्न सरकारी कार्यालय और पर्याप्त जनसंख्या उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि राजापाकर पंचायत नगर पंचायत गठन के लिए निर्धारित सभी मानकों को पूरा करती है। इसलिए क्षेत्र के समुचित विकास, बेहतर शहरी सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजापाकर पंचायत को नगर पंचायत घोषित किया जाना चाहिए।

इसके अलावा ऊर्जा विभाग से संबंधित अपने तारांकित प्रश्न में विधायक ने कहा कि राजापाकर प्रखंड की घनी आबादी के कारण वर्षों से बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। वर्तमान विद्युत व्यवस्था बढ़ती मांग के अनुरूप पर्याप्त नहीं है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सरकार से पूछा कि जनहित को देखते हुए राजापाकर में पावर सब स्टेशन स्थापित करने की कोई योजना है या नहीं। यदि ऐसी कोई योजना प्रस्तावित है, तो उसका निर्माण कार्य कब तक प्रारंभ किया जाएगा।
विधानसभा में इन दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों के उठने से क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि राजापाकर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने और पावर सब स्टेशन की स्थापना होने से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे का विकास होगा तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था में भी व्यापक सुधार आएगा।