पश्चिमी चंपारण की 303 ग्राम पंचायतों में मनाया गया पंचायत विकास दिवस, जनभागीदारी और सुशासन पर विशेष जोर

IMG-20260726-WA0028
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।

पश्चिमी चंपारण जिले की सभी 303 ग्राम पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, ग्राम सभा के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विकास संबंधी मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित करना था।

IMG 20260726 WA0027

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पंचायत विकास दिवस का आयोजन पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवनों में पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

IMG 20260726 WA0025

कार्यक्रम में ई-ग्राम स्वराज, ई-पंचायत तथा अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर दर्ज योजनाओं, पंचायत की आय-व्यय, आगामी विकास कार्यों एवं पंचायत की आय के स्रोतों में वृद्धि के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें संस्करण का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसे ग्राम सभा में उपस्थित लोगों ने सुना।

IMG 20260726 WA0028

जुलाई माह के पंचायत विकास दिवस की थीम “सुशासन युक्त पंचायत” रही। इस विषय के अंतर्गत सुशासन के माध्यम से ग्राम पंचायत के सभी नागरिकों तक विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी, उत्तरदायी एवं प्रभावी सेवा वितरण के जरिए पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही पारदर्शिता, टीमवर्क, तकनीक के उपयोग, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा सकारात्मक परिवर्तन जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों एवं अन्य हितधारकों से विकास संबंधी सुझाव एवं अपेक्षाएं प्राप्त की गईं। इन सुझावों को सूचीबद्ध कर ‘निश्चय पोर्टल’ पर अपलोड किया जा रहा है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरव आलोक ने चनपटिया प्रखंड की लखौरा ग्राम पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा पंचायतों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है और पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले की पंचायतों में पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण (Life Certificate) तथा राशन कार्ड से संबंधित विशेष शिविर भी आयोजित किए गए, जहां पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

Trending News