Etawah News: जसवंतनगर तहसील में नवागत एसडीएम ने वकीलों संग की बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर
संवाददाता: मनोज कुमार
जसवंतनगर, इटावा। नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. गणेश कन्नौजिया ने सोमवार को जसवंतनगर तहसील सभागार में अधिवक्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में तहसील में लंबित एवं विचाराधीन राजस्व मामलों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम डॉ. कन्नौजिया ने अधिवक्ताओं से न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण उनकी प्राथमिकता है और सभी पक्षों के समन्वय से न्याय व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने भी तहसील से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक विषयों पर अपने सुझाव और समस्याएं रखीं, जिन पर एसडीएम ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विशेष बात यह रही कि डॉ. गणेश कन्नौजिया प्रशासनिक सेवा में आने से पहले दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यदि समय और प्रशासनिक दायित्वों के अनुरूप जिला प्रशासन से अनुमति प्राप्त होती है, तो वे सामाजिक दायित्व के तहत चिकित्सा सेवाएं भी देने के लिए तैयार हैं।
बैठक में तहसील के अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने नवागत एसडीएम का स्वागत करते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के मुताबिक मजिस्ट्रेट डॉ गणेश कन्नौजिया प्रयागराज से स्थानांतरण से जसवंत नगर में कार्यभार संभाला।
इस दौरान पीसी श्रीवास्तव, रविंद्र बाबू त्रिपाठी (रमन), आदेश सविता संटू, अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाह महामंत्री सौरव, सोमेल सक्सेना, रवि प्रताप सिंह(कोषाध्यक्ष), रवि दीक्षित समेत तहसील के सभी वकील अधिवक्ता मौजूद रहे.