संवाददाता :विशाल बाबू
इटावा। लगातार हो रही बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर की पॉश मानी जाने वाली फ्रेंड्स कॉलोनी में जगह-जगह जलभराव होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। सबसे अधिक चर्चा सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे के आवास के निकट तथा जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव के आवास के आसपास सड़क पर हुए जलभराव को लेकर रही, जहाँ बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहा।
बारिश के बाद मुख्य मार्ग तालाब का रूप लेते दिखाई दिए। सड़क पर भरे पानी के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की से मध्यम बारिश में ही यदि शहर के प्रमुख और वीआईपी क्षेत्र जलमग्न हो जाएँ, तो अन्य इलाकों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी की तैयारियों के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में व्यवस्थाएँ ध्वस्त नजर आती हैं। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता रहा, जिससे पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से फ्रेंड्स कॉलोनी सहित पूरे शहर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई कराने तथा स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आगामी बरसात में हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।
शहरवासियों का मानना है कि नगर निगम को कागजी दावों से आगे बढ़कर धरातल पर प्रभावी कार्य करना होगा, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।