संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
बेतिया नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा है कि नगर निगम के नव अधिग्रहित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। इसी दिशा में नगर निगम बोर्ड से स्वीकृत वार्ड 38 एवं वार्ड 42 में पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण की दो योजनाओं का कार्यादेश जारी कर दिया गया है।

महापौर ने बताया कि वार्ड 42 में अशोक प्रसाद के घर से पंकज पटेल के घर होते हुए सुमन पटेल के घर तक तथा वार्ड 38 में गोरी शंकर यादव के घर से रमेश पासवान के घर तक पीसीसी सड़क एवं आवश्यक नाला का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं का कार्यादेश दीपक कंस्ट्रक्शन, रामनगर (पश्चिम चंपारण) को जारी किया गया है। वार्ड 42 की योजना की अनुमानित लागत 16.92 लाख रुपये, जबकि वार्ड 38 की योजना की लागत 4.36 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
कार्यादेश के अनुसार निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा तथा दोनों योजनाओं को तीन माह के भीतर पूरा करना होगा। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्यस्थल पर सूचना पट्ट लगाने, तकनीकी पर्यवेक्षण, फोटोग्राफी, गुणवत्ता परीक्षण तथा समयबद्ध निष्पादन सहित सभी विभागीय मानकों का पालन अनिवार्य किया गया है।
महापौर ने बताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद गुणवत्ता परीक्षण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के उपरांत ही अंतिम भुगतान किया जाएगा।
गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से नगर निगम के नव अधिग्रहित क्षेत्रों के संबंधित मोहल्लों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा स्थानीय लोगों को बुनियादी नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।