BiharNews जीएमसीएच प्रकरण को लेकर पत्रकारों में आक्रोश, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

IMG-20260712-WA0013
Share News

संवाददाता मोहन सिंह

बेतिया/ पश्चिमी चंपारण।

जीएमसीएच, बेतिया में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट, जानलेवा हमला एवं छिनतई की घटना तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा नौ पत्रकारों को जारी नोटिस के विरोध में सोमवार को पत्रकारों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

IMG 20260712 WA0013

बैठक में कहा गया कि जीएमसीएच में समाचार संकलन के दौरान मीडियाकर्मी कैलाश कुमार, छोटेलाल एवं जफीरूल हक के साथ जूनियर डॉक्टरों एवं उनके सहयोगियों द्वारा मारपीट, जानलेवा हमला और छिनतई की घटना हुई थी। घटना के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा आरोपितों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर पत्रकारों ने गहरी नाराजगी और चिंता व्यक्त की।

पत्रकारों ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा नौ मीडियाकर्मियों को भेजे गए नोटिस की कड़ी निंदा करते हुए इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिकूल कदम बताया। बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में जिला मुख्यालय में निर्मित प्रेस क्लब भवन को शीघ्र पत्रकारों को हस्तांतरित कर उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही दिवंगत पत्रकार समीर वाजपेयी के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में मांग की गई कि जीएमसीएच प्रकरण से संबंधित एफआईआर संख्या 353/2026 के सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा नगर थाना अध्यक्ष को निलंबित किया जाए। पत्रकारों ने प्रशासन से नौ पत्रकारों को भेजे गए नोटिस तत्काल वापस लेने तथा संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की भी मांग की।

बैठक में प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि 10 दिनों के भीतर दोनों मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पत्रकार आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

बैठक के अंत में दिवंगत पत्रकार समीर वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया।

Trending News