संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड के सभी राजकीय मध्य विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं की त्रैमासिक परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की जा रही है।

इस संबंध में पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, राजापाकर के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की त्रैमासिक परीक्षा 7 जुलाई से प्रारंभ हुई है, जो 13 जुलाई तक चलेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रथम पाली में कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों की विज्ञान तथा द्वितीय पाली में संगीत विषय की परीक्षा आयोजित की गई। वहीं गुरुवार को कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित होगी।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को आगामी अर्द्धवार्षिक (छमाही) परीक्षा में शामिल होने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।
इधर, प्रखंड के सभी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में भी प्रथम टर्मिनल परीक्षा संचालित की जा रही है। इस संबंध में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने बताया कि कक्षा 9, 10 एवं 12 के विद्यार्थियों की प्रथम टर्मिनल परीक्षा आयोजित की जा रही है।
कक्षा 9 एवं 10 की परीक्षा बुधवार को संपन्न हो गई, जबकि गुरुवार को कक्षा 12 के विद्यार्थियों की गृह विज्ञान (होम साइंस) विषय की परीक्षा एक पाली में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में विजय कुमार, प्रभात कुमार चौधरी, केशव नारायण राय, बिंदेश्वर सिंह, धर्मेंद्र गुप्ता, हरिनंदन कुमार, दिनेश राय, मीना देवी, राजकुमार रवि सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।