बिहार न्यूज: अम्बेडकर नगर प्राथमिक विद्यालय के जर्जर पहुंच पथ व नाला का 16.48 लाख रुपये से होगा पुनर्निर्माण: महापौर गरिमा देवी सिकारिया

IMG-20260711-WA0010
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण

बेतिया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित अम्बेडकर नगर प्राथमिक विद्यालय के जर्जर पहुंच पथ एवं नाला का पुनर्निर्माण लगभग 16.48 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित निर्माण एजेंसी को तीन माह के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कार्यादेश जारी कर दिया गया है।

IMG 20260711 WA0010

महापौर ने बताया कि अम्बेडकर नगर प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाले जर्जर मार्ग एवं नाला के पक्कीकरण की योजना को नगर निगम बोर्ड ने उनकी तथा स्थानीय पार्षद दीपक कुमार की पहल पर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। योजना के तहत मोहम्मद जकारुल्लाह के घर से अम्बेडकर नगर प्राथमिक विद्यालय तक पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला का निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या-20 का यह क्षेत्र दलित एवं महादलित बहुल आबादी वाला है, जहां वर्षों से जर्जर सड़क और जलनिकासी की समस्या बनी हुई थी। बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव होने से स्थानीय लोगों तथा विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

महापौर के अनुसार, इस योजना की कुल प्राक्कलित लागत 22.26 लाख रुपये निर्धारित की गई थी, लेकिन निविदा प्रक्रिया में लगभग 26 प्रतिशत कम दर मिलने के कारण यह कार्य 16.48 लाख रुपये में स्वीकृत हुआ है। निर्माण एजेंसी को तीन माह के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री के उपयोग, तकनीकी मानकों के पालन तथा कार्यस्थल पर सूचना पट्ट लगाने सहित सभी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने विश्वास जताया कि पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जलजमाव की समस्या में कमी आएगी तथा स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह योजना अम्बेडकर नगर जैसे उपेक्षित क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को भी नई गति मिलेगी तथा दलित एवं महादलित परिवारों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।

Trending News