संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
बरांटी, वैशाली।
बरांटी थाना पुलिस ने वाहन जांच एवं गश्ती अभियान के दौरान एक स्कूटी से 30 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। पुलिस को देखकर स्कूटी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कूटी और शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरांटी थाना में पदस्थापित एएसआई अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ कांड अनुसंधान के सिलसिले में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बेझा जाने वाली सड़क पर वाहन जांच के समय एक स्कूटी चालक ने पुलिस वाहन को देखकर अचानक स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने संदेह होने पर उसका पीछा किया और रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक स्कूटी छोड़कर फरार होने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीट की डिक्की से तीन पॉलीथिन पैकेटों में रखी कुल 30 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई।
बरामद स्कूटी और शराब को जब्त कर थाना लाया गया। इस संबंध में स्कूटी के अज्ञात चालक एवं मालिक के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत बरांटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।