Bihar News : बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में नवजात की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने की तोड़फोड़

IMG-20260710-WA0008
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ करते हुए चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

IMG 20260710 WA0008

जानकारी के अनुसार, चौतरवा थाना क्षेत्र निवासी रितेश राम अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्रसव के दौरान मृत नवजात का जन्म हुआ। नवजात की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रसव कक्ष के बाहर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ की कथित लापरवाही के कारण नवजात की जान गई। वहीं अस्पताल के चिकित्सकों ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि नवजात का जन्म मृत अवस्था में हुआ था तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Trending News