संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया,पश्चिम चंपारण।
‘माई भारत’ की जिला इकाई के तत्वावधान में सोमवार को बेतिया नगर निगम सभागार में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के अवसर पर जयंती समारोह एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा पदाधिकारी शशांक मित्तल ने की, जबकि संचालन प्राध्यापिका मेरी एडलिन ने किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं बेतिया नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने “क्रिएटर्स मीट” के रूप में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में महापौर ने नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प का उल्लेख करते हुए युवाओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला सृजनकर्ता और नेतृत्वकर्ता भी है।
महापौर ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ‘राष्ट्र प्रथम’ का दृष्टिकोण, शिक्षा के प्रति समर्पण और अखंड भारत की भावना आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और स्थानीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब युवा अपनी रचनात्मक ऊर्जा, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व को जनहित से जोड़ेंगे। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल स्टोरीटेलर्स, यूट्यूबर्स और अन्य युवा रचनाकारों से सकारात्मक एवं तथ्यपरक सामग्री के माध्यम से समाज को जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने विकसित भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला युवा पदाधिकारी शशांक मित्तल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रहित में अपनी प्रतिभा का सार्थक उपयोग करने की प्रेरणा देते हैं तथा समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत आधारशिला तैयार करते हैं।