संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पश्चिमी चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़का गांव में गुरुवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक मां पर अपनी छह माह की दुधमुंही बच्ची की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृत बच्ची की पहचान पूजा कुमारी (6 माह), पिता सुनील दास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता करीब एक सप्ताह पहले रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ गए थे। इसी दौरान गुरुवार रात बच्ची की मां सीमा देवी ने कथित रूप से घर में ही वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलने पर गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला फसूल भी बरामद कर लिया है।
मृत बच्ची की दादी सरस्वती देवी के बयान के आधार पर गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, सीमा देवी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। उनकी शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी और छह माह पहले बच्ची के जन्म के बाद उनकी मानसिक स्थिति में बदलाव देखा गया। पति के रोजगार के लिए बाहर चले जाने के बाद वह तनाव में रहने लगी थीं।
विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ महिलाओं में प्रसव के बाद हार्मोनल बदलाव के कारण मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, जैसे पोस्टपार्टम डिप्रेशन या पोस्टपार्टम साइकोसिस, विकसित हो सकती हैं। हालांकि, इस मामले में ऐसी किसी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही घटना के कारणों पर स्पष्ट निष्कर्ष निकाला जाएगा।
फिलहाल आरोपी महिला पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।