संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
चनपटिया थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। पुलिस ने एक महिला को अपने तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंककर उनकी हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को पूर्वाह्न लगभग 10:05 बजे सूचना मिली कि चनपटिया थाना क्षेत्र स्थित बरोहिया नहर में एक बच्ची का शव तैरता हुआ दिखाई दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया।
बाद में मृत बच्ची की पहचान अंशु कुमारी (4 वर्ष), पिता रामबाबू यादव, निवासी भंगहा, थाना कुमारबाग, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में हुई।
इसी दिन दोपहर बाद लगभग 3:52 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नहर के समीप दो अन्य बच्चों के शव भी बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान प्रियांशु कुमारी (4 माह) और नितेश कुमार (3 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा गया।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और पूछताछ के दौरान मृत बच्चों की मां ललिता देवी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि वह भोर में अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से निकली थी। जांच में आरोप है कि उसने हरपुर के समीप नहर में तीनों बच्चों को फेंक दिया, जिससे उनकी डूबने से मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने स्वयं भी नहर में छलांग लगा दी, लेकिन उसकी जान बच गई।
इस मामले में चनपटिया थाना कांड संख्या 231/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला ललिता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।