संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं राजापाकर बाजार में मोहर्रम पर्व के अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

राजापाकर बाजार के बसवरिया टोला, दर्जी टोला और मस्जिद टोला अखाड़ों के सदस्यों द्वारा पोस्ट ऑफिस चौक, भुवनेश्वर चौक, कुशवाहा चौक एवं थाना रोड सहित विभिन्न मार्गों पर ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।
मोहर्रम के अवसर पर हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की। जुलूस के दौरान क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा के नेतृत्व में पुलिस बल एवं चौकीदार विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। वहीं दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने पोखरैरा, जाफरपट्टी, बाकरपुर, बरियारपुर और राजापाकर सहित विभिन्न ताजिया अखाड़ों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अंचलाधिकारी ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने अखाड़ा संचालकों को डीजे का उपयोग नहीं करने तथा किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
प्रशासन के अनुसार मोहर्रम के अवसर पर आगामी जुलूस भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निकाले जाएंगे। पर्व को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।