आगरा। संस्कार भारती आगरा महानगर द्वारा शहर के पत्रकारों और विभिन्न विधाओं से जुड़े कलासाधकों का एक विस्तृत परिचय कोश (डायरेक्टरी) तैयार करने की पहल की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत कलाकारों का डेटा एक गूगल फॉर्म के माध्यम से संग्रह किया जाएगा, जिसे हाल ही में माधव भवन, जयपुर हाउस, आगरा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जारी किया गया।
संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी बांकेलाल जी ने बताया कि कला क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं, सरकारी विभागों, अकादमियों और विश्वविद्यालयों को समय-समय पर कलाकारों की जानकारी की आवश्यकता होती है। ऐसे में यह परिचय कोश कलाकारों और संस्थाओं के बीच की दूरी को कम करने का कार्य करेगा।

संस्था के अध्यक्ष और इस योजना के सूत्रधार आर्किटेक्ट राजीव द्विवेदी ने जानकारी दी कि इस परिचय कोश की डिजिटल कॉपी सभी के लिए निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
वहीं महानगर संरक्षक एवं योजना संयोजक डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि इस परिचय कोश में पत्रकार, चित्रकार, संगीतकार, गायक, वादक, नर्तक, नाटक कलाकार, लोककला विशेषज्ञ, साहित्यकार, कहानीकार और कवियों सहित विभिन्न विधाओं के कलाकारों को शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, प्रांतीय संरक्षक आलोक आर्य, कवि अशोक गोयल, प्रेमचंद अग्रवाल, अनीता भार्गव, श्याम तिवारी, नीता गर्ग, प्रभुदत्त उपाध्याय, सीए विवेक अग्रवाल, डॉ. विनोद माहेश्वरी, छीतरमल गर्ग, राजीव सिंघल, अमित अग्रवाल, एस.एन. गर्ग और नन्द किशोर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।