संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
वैशाली जिले की प्रतिभाशाली बेटी अंजलि ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अंजलि के पिता उपेंद्र सिंह शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता दीपमाला सुल्तानपुर गांव की निवासी हैं। अंजलि ने अपनी प्रारंभिक सफलता के संस्कार और प्रेरणा राजापाकर पश्चिमी टोला निवासी अपने नाना रामानंद प्रसाद सिन्हा और नानी शांति सिन्हा के सानिध्य में प्राप्त की। उनके चयन से नाना-नानी की खुशी का ठिकाना नहीं है।
अंजलि ने अपनी इंटरमीडिएट की शिक्षा अरुणाचल प्रदेश स्थित केंद्रीय विद्यालय से पूरी की। उस समय उनके नाना अरुणाचल प्रदेश में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्हें राजस्थान भेजा गया, जहां उन्होंने वनस्थली विद्यापीठ से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की।
अपनी सफलता पर अंजलि ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, नाना और नानी को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और निरंतर सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंजलि की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर सीएन सिंह, अरविंद कुमार, विनोद कुशवाहा, अनिल कुमार, राजीव कुमार, अमरनाथ चौहान, प्रभात कुमार चौधरी सहित अनेक लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
अंजलि की सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे वैशाली जिले को गौरवान्वित किया है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।