संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर (वैशाली)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने की।

बैठक में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से इस्लाम धर्मावलंबी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी व्यक्ति को नशे की हालत में जुलूस में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी और न ही कोई व्यक्ति हथियार लेकर जुलूस में शामिल हो सकेगा।
उन्होंने सभी लाइसेंसधारियों से नए लाइसेंस के लिए शीघ्र आवेदन करने का आग्रह किया, ताकि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहेगी तथा किसी भी असामाजिक तत्व या संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि मोहर्रम जुलूस केवल प्रशासन द्वारा स्वीकृत एवं निर्धारित मार्गों पर ही निकाला जाएगा। जुलूस के मार्ग में किसी भी प्रकार के परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में किसी भी प्रकार के पारंपरिक अथवा आधुनिक हथियार, लाठी-डंडे आदि के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
ताजिये की ऊंचाई को लेकर भी प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विद्युत तारों एवं अन्य संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ताजिये की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक सामग्री साझा करने अथवा अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की साइबर टीम की पैनी नजर रहेगी। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुखिया मंजे लाल राय, मुकेश पटेल, तपसी प्रसाद सिंह, हरिशंकर कुमार गुड्डू, राजीव रंजन, संतोष कुमार सिंह, दीपक सिन्हा, हीरो राय, प्रेम कुमार यादव, सतेंद्र नारायण सिंह, सुनील कुमार सिंह, अर्जुन सिंह त्यागी, मोहम्मद जब्बार अंसारी, गुलाम साबिर, हुसैन शाह, मोहम्मद इस्लाम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।