संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
बरांटी, वैशाली।
बरांटी थाना क्षेत्र के कंसारा पोखर के समीप संध्या गश्ती के दौरान वाहन जांच अभियान में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी कट्टा तथा विदेशी शराब बरामद की है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीटीसी रंजीत कुमार सशस्त्र बल के साथ कंसारा पोखर के पास संध्या गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान फुलहारा बाजार की ओर से एक बुलेट मोटरसाइकिल तेज गति एवं लापरवाही से आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किए जाने पर मोटरसाइकिल के पीछे बैठा युवक कूदकर भागने लगा और अपने हाथ में रखा प्लास्टिक का बोरा फेंक दिया।
पुलिसकर्मियों ने फरार युवक का पीछा किया, लेकिन वह ग्रामीण गलियों का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। वहीं मोटरसाइकिल चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सहित गिर गया, जिसके बाद उसे पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान राजा कुमार उर्फ लाभांशु राज, पिता मनजीत राय, निवासी पानापुर लंगा, वार्ड संख्या-12 के रूप में बताई। पुलिस द्वारा फेंके गए बोरे की तलाशी लेने पर उसमें से 180 एमएल की 9 बोतल विदेशी शराब (कुल 1.620 लीटर) तथा लोहे और लकड़ी से निर्मित एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने बताया कि उसके साथ मौजूद फरार व्यक्ति का नाम वकील कुमार है, जो बिदुपुर थाना क्षेत्र के पकौड़ी गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, दोनों शराब और अवैध हथियार की आपूर्ति के उद्देश्य से जा रहे थे।
बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर थाना लाया गया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए हाजीपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।