Bihar News | नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत की वार्ड सदस्या अहिल्या देवी का असामयिक निधन, शोक की लहर
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या-14 की निवासी एवं वार्ड सदस्या अहिल्या देवी, पति राम कुमार सिंह, के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मंगलवार को उनके आवास पर शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उपस्थित लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर पंचायत की मुखिया बेबी देवी ने कहा कि स्वर्गीय अहिल्या देवी एक कर्मठ एवं समाजसेवी महिला थीं। वे अपने वार्ड के विकास के लिए सदैव समर्पित रहती थीं और अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा कराया। उनके निधन से पंचायत ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिसकी क्षति की भरपाई करना आसान नहीं होगा।
वहीं पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान स्थानीय विधायक महेंद्र राम, मुखिया बेबी देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, अंचलाधिकारी गौरव कुमार सहित सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में बृज किशोर सिंह, चंद्रशेखर शर्मा, कमलेश कुमार, अमरेश कुमार सिंह, राधाकांत झा, अमरनाथ सिंह, महेश्वर शर्मा, अमोद सिंह, रवि कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
क्षेत्र के लोगों ने उनके निधन को सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन की अपूरणीय क्षति बताया।