संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
नगर निगम बेतिया की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-34 अंतर्गत रामपुर गोनौली मोहल्ले के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से आवागमन एवं जल निकासी की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र में अब पुल निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

महापौर ने बताया कि नगर निगम बोर्ड ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए 34 लाख 97 हजार 900 रुपये की लागत से पुल निर्माण योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में पारित इस योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराना है।
बरसात के दिनों में रामपुर गोनौली के कई हिस्सों में जलभराव और रास्ता अवरुद्ध होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। विशेषकर स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों के लिए आवागमन एक बड़ी चुनौती बना रहता था।
पुल निर्माण के बाद क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के मोहल्लों और बाजारों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन द्वारा शीघ्र ही निविदा प्रकाशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य धरातल पर उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना वार्ड संख्या-34 के समग्र विकास तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।