संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
भीषण गर्मी और बढ़ती पेयजल समस्या को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचडी) द्वारा सरकारी चापाकलों एवं हाथी कलों की मरम्मत युद्ध स्तर पर कराई जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पीएचडी की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में जहां भी सरकारी चापाकल अथवा हाथी कल खराब हैं, वहां के लोग विभाग से संपर्क करें। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित चापाकलों की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भलुई पंचायत के डुमरी गांव स्थित जगा राम (पिता मिश्री राम) के महादलित टोला में खराब पड़े हाथी कल की मरम्मत कर उसे चालू कर दिया गया है। इसके अलावा इसी पंचायत के पंचई महेश गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के समीप स्थित हाथी कल को भी पीएचडी के मिस्त्रियों द्वारा ठीक किया गया।
वहीं राजकीय प्रारंभिक विद्यालय पंचई महेश एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कल्याणपुर परिसर में स्थित कई दिनों से खराब पड़े हाथी कलों की भी मरम्मत कर उन्हें चालू किया गया। राजापाकर बाजार में छोटन लाल गुप्ता के दरवाजे पर स्थित हाथी कल तथा उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित मस्जिद टोला में मोहम्मद मुकीम एवं दिनेश ठाकुर के दरवाजे पर लगे हाथी कलों को भी ठीक किया गया है।
ज्ञात हो कि प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पीएचडी विभाग द्वारा लगाए गए कई चापाकल और हाथी कल मरम्मत के अभाव में बंद पड़े थे। जिला पदाधिकारी, वैशाली के निर्देश पर विभाग द्वारा इन्हें युद्ध स्तर पर ठीक कराया जा रहा है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
कनीय अभियंता अनामिका कुमारी स्वयं विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर मरम्मत किए गए चापाकलों की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं।