प्राकृतिक ‘बॉर्डर’ खत्म होने से बेकाबू हो रहीं हवाएं, पर्यावरण संकट पर ट्री मैन त्रिमोहन मिश्रा की चेतावनी

Screenshot_20260531_180313_WhatsApp
Share News

संवाददाता प्रताप सिंह आजाद

आगरा उत्तर प्रदेश

आगरा। प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता एवं ‘ट्री मैन’ के नाम से विख्यात त्रिमोहन मिश्रा ने रविवार को लाल किले पर अपनी टीम के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने जंगलों की अंधाधुंध कटाई, बढ़ते तापमान और बदलते मौसम चक्र पर गहरी चिंता व्यक्त की।

Screenshot 20260531 180313 WhatsApp

उन्होंने कहा कि विकास की अंधी दौड़ में मानव ने प्रकृति के सुरक्षा कवच को नष्ट कर दिया है। घने जंगल और विशाल वृक्ष प्राकृतिक विंडब्रेक (हवा अवरोधक) के रूप में कार्य करते थे, जो तेज हवाओं की गति को नियंत्रित रखते थे। लेकिन लगातार हो रही वृक्षों की कटाई के कारण यह प्राकृतिक सुरक्षा दीवार कमजोर हो गई है, जिससे सामान्य हवाएं भी आंधी और बवंडर का रूप ले रही हैं।

Screenshot 20260531 180320 WhatsApp

त्रिमोहन मिश्रा ने कहा कि केवल पेड़ काटना ही नहीं, बल्कि जंगलों के विनाश पर मौन रहना, पौधारोपण से दूरी बनाना और केवल दिखावटी हरियाली अभियान चलाना भी पर्यावरण के प्रति अपराध है। उन्होंने स्वच्छता अभियान, नदियों की सफाई, पशु-पक्षियों के लिए भोजन एवं पानी की व्यवस्था, निःशुल्क शिक्षा तथा चिकित्सा सेवाओं को भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व बताया।

उन्होंने बढ़ते तापमान, हीटवेव और कंक्रीट के फैलते जंगलों पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन और आम नागरिकों से पेड़ों की कटाई रोकने की अपील की। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन के हर महत्वपूर्ण अवसर पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल कर उसे जीवित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

‘ट्री मैन द पावर ऑफ अर्थ’ अभियान के माध्यम से वे देशभर के पर्यावरण प्रेमियों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान उनका संदेश था— “पहले पृथ्वी बचाओ, मंगल ग्रह नहीं।”

इस अवसर पर थाना पर्यटक क्षेत्र से शिवम दीक्षित अपनी टीम के साथ जागरूकता अभियान में शामिल हुए। उनके साथ गणेश शर्मा, करन शर्मा सहित कई पर्यावरण कार्यकर्ता पौधों और ऑक्सीजन मास्क के साथ उपस्थित रहे तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

Trending News