संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/ पश्चिमी चंपारण। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा ज़िला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण, बेतिया के तत्वावधान में संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 15 मई 2026 से प्रारंभ की जा रही है। वर्तमान सत्र में एक वर्षीय डिप्लोमा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम हेतु नामांकन लिया जाएगा, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। केंद्र में हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन, हिन्दुस्तानी शास्त्रीय नृत्य एवं शास्त्रीय वादन की विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से सायं 06:00 बजे तक संचालित होगा, जबकि प्रत्येक सोमवार को केंद्र बंद रहेगा। यह पूरी प्रशिक्षण व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी भारतीय शास्त्रीय कलाओं से जुड़कर अपनी प्रतिभा को विकसित कर सकें। प्रवेश हेतु न्यूनतम आयु 06 वर्ष निर्धारित की गई है तथा इच्छुक अभ्यर्थी आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, गाँधी सभागार, बड़ा रमना, बेतिया में उपस्थित होकर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। नामांकन के समय पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं आवश्यक सामान्य विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
ज़िला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि वर्तमान सत्र में प्रत्येक विधा में 40 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को समय पर आवेदन करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल ज़िले में सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने, युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी ज़िला कला एवं संस्कृति कार्यालय-सह-आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, गाँधी सभागार, बड़ा रमना, बेतिया में संपर्क कर सकते हैं।