आगरा। भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में शनिवार को आस्था सिटी, जीवनी मंडी में कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रमिक एकता और अधिकारों को लेकर जोरदार संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री वीरेंद्र कुमार मित्तल ने श्रमिक हितों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को माला, पट्टिका और शील्ड देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम से पूर्व बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से आस्था सिटी तक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रमिकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली को उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान “जो श्रमिक हित की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश पाठक, विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहू, प्रदेश मंत्री वीरेंद्र कुमार मित्तल, जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार गोयल, ब्रज क्षेत्र जिलाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव और अन्य पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश पाठक ने कहा कि महासंघ श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित संगठन है, जो श्रमिकों को संगठित कर उनकी आवाज को मजबूत बना रहा है। उन्होंने बताया कि यह संगठन भारतीय जनता पार्टी का प्रणित प्रकोष्ठ है और जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
वहीं प्रदेश मंत्री वीरेंद्र कुमार मित्तल ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना महासंघ की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रमिकों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष आगरा प्रमोद कुमार गोयल ने बताया कि शहर में लगभग दो से ढाई लाख असंगठित श्रमिक हैं, जिन्हें संगठन से जोड़कर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, भगत सिंह अरोड़ा, जिला कार्यकारिणी सदस्य राहुल अग्रवाल, मयंक खंडेलवाल, सुरेंद्र नरूला, मनीष माहेश्वरी, अनूप अग्रवाल, राजीव खंडेलवाल, मयंक उपाध्याय, रेखा शर्मा, ममता सिंघल, अंजली, आशा अग्रवाल, विनीता गोयल और चंचल बघेल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।