संवाददाता – मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण (बिहार)
06 अप्रैल 2026
बेतिया । पश्चिम चंपारण के बेतिया में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की घटना का खुलासा किया है। कुमारबाग थाना क्षेत्र के लोहियारिया स्थित उमा इंटरप्राइजेज दुकान में 27 मार्च 2026 की रात हुई चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में कुमारबाग थाना कांड संख्या 75/26, दिनांक 28 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी किए गए 19 स्मार्टफोन, 3 लैपटॉप और 1 टैबलेट बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों में पिटु राय (नेपाल), विकास राय (मोतिहारी) और जैकी कुमार (मोतिहारी) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले भी तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी कर उसे अन्य स्थानों पर बेचने का काम करता था। लगातार निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर इस गिरोह का पर्दाफाश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।