Bihar News। राजापाकर वैशाली में भीषण आग: बांस की कोठी जलकर राख, दमकल फेल होने पर लोगों में आक्रोश

Share News

राजापाकर बाजार में बांस की कोठी में आग लगने से सामान जलकर राख हो गया। दमकल गाड़ी खराब होने के कारण स्थानीय लोगों ने खुद आग बुझाई और प्रशासन से स्थायी व्यवस्था की मांग की।

राजापाकर बाजार में आग से जली बांस की कोठी
Share News

संवाददाता – राजेन्द्र कुमार
राजापाकर / वैशाली (बिहार)
02 अप्रैल 2026

राजापाकर । वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजापाकर बाजार में लकड़ी मिल के पास बांस की कोठी में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कोठी में रखे कारा, झलसी और खर सहित सभी सामान जलकर राख हो गए।

राजापाकर बाजार में आग से जली बांस की कोठी

घटना के दौरान आग की लपटें बेहद तेज थीं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास नहीं किया होता तो पास में स्थित लालबाबू राय की मुर्गी फार्म और आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

राजापाकर बाजार में आग से जली बांस की कोठी

बताया गया कि पास में रहने वाले सेना के जवान सुनील गुप्ता के परिजनों ने मोटर चलाकर पानी की मदद से आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई। घटना की सूचना तुरंत राजापाकर थाना अध्यक्ष को दी गई, जिसके बाद महुआ से छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी मौके पर खराब हो गई और आग बुझाने में कोई मदद नहीं कर सकी।

अंततः स्थानीय लोगों ने चापाकल और मोटर के सहारे आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों मणि कुमार, सुनील कुमार, मनोज कुमार, सत्येंद्र कुमार और उमा ठाकुर ने बताया कि आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन आशंका है कि किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई बीड़ी या सिगरेट से आग लगी होगी।

भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण दोपहर करीब 2 बजे आग ने तेजी से आसपास के पेड़-पौधों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दमकल गाड़ी के समय पर खराब हो जाने को लेकर काफी आक्रोश देखा गया। लोगों ने अग्निशमन विभाग से मांग की है कि राजापाकर थाना में स्थायी रूप से दमकल गाड़ी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके।

Trending News