संवाददाता : मोहन सिंह
स्थान : बेतिया, पश्चिमी चंपारण (बिहार)
दिनांक : 20 मार्च 2026
बिहार दिवस 2026 के अवसर पर पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन द्वारा बेतिया में तीन दिनों तक भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मुख्य समारोह गांधी सभागार (ऑडिटोरियम), बेतिया में आयोजित होगा। 22 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जबकि 24 मार्च को दोपहर 12 बजे समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 22 मार्च की सुबह 7:30 बजे समाहरणालय परिसर से पुलिस लाइन तक वॉकथॉन के साथ होगी, जिसमें अधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भोजपुरी लोक चित्रकला कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा की फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और जीविका से जुड़े विभाग शामिल रहेंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
22 मार्च को स्कूली बच्चों के लिए क्विज, गणित ओलंपियाड, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि 23 मार्च को खेल भवन में कबड्डी, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं होंगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस आयोजन में भाग लेकर “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” के संकल्प को मजबूत करें।