एलपीजी आपूर्ति पर जिला प्रशासन सख्त, समय पर वितरण के निर्देश

Share News

पश्चिम चंपारण जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है।

Share News

संवाददाता मोहन सिंह – बेतिया (पश्चिमी चंपारण)

पश्चिम चंपारण जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। इसी क्रम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

पश्चिम चंपारण में एलपीजी गैस सिलेंडर आपूर्ति, प्रशासन द्वारा समय पर वितरण के निर्देश

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में कुल 9,57,642 एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से 59,456 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है, जबकि प्रतिदिन औसतन 13,996 सिलेंडरों की खपत हो रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में 23,842 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं तथा 11,649 सिलेंडरों का डिस्पैच किया जा चुका है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के निवारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 06254-247002 और 06254-247003 पर अब तक कुल 303 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका त्वरित समाधान किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी न हो।

संभावित भीड़भाड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न अनुमंडलों में गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने हेतु वाहनों और वेंडरों की संख्या बढ़ाएं।

जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण प्रणाली की लगातार निगरानी की जा रही है। गैस गोदामों की नियमित जांच कराई जा रही है और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यदि किसी एजेंसी द्वारा पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद वितरण में लापरवाही पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न ऑयल कंपनियों के फील्ड अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Trending News