Prayagraj News: प्राचार्य के 111 पदों का लिखित परीक्षा परिणाम घोषित, 27 अक्टूबर से इंटरव्यू

IMG-20261013-WA0023
Share News

रिपोर्ट: विजय कुमार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों एवं महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या 02/2022 के अंतर्गत विज्ञापित इन पदों के सापेक्ष लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची साक्षात्कार के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्राचार्य पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 24 सितंबर 2026 को किया गया था। परीक्षा के बाद 26 सितंबर 2026 को अनंतिम उत्तरकुंजी जारी कर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों से निस्तारण कराने तथा उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद साक्षात्कार के लिए अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित किया गया है।
आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं परिणाम
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि घोषित परीक्षा परिणाम के संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 (आरटीआई) के तहत अलग से कोई प्रार्थना-पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।

IMG 20261013 WA0023

27 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होंगे साक्षात्कार
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।

इन दस्तावेजों में शैक्षिक अभिलेख, कार्य अनुभव प्रमाण-पत्र तथा निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र शामिल हैं। अभिलेखों को अपलोड करना साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अनिवार्य होगा।
14 अक्टूबर से डाउनलोड होंगे इंटरव्यू कॉल लेटर
अभ्यर्थी आवश्यक प्रमाण-पत्रों को पोर्टल पर अपलोड करने के बाद 14 अक्टूबर 2026 से अपना साक्षात्कार-पत्र यानी इंटरव्यू कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। कॉल लेटर डाउनलोड करने से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, महत्वपूर्ण अनुदेश और शपथ-पत्र का निर्धारित प्रारूप आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।

आयोग ने सफल अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वेबसाइट पर जारी निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें और निर्धारित समय के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर साक्षात्कार की तैयारी पूरी कर लें। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त एवं महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों पर चयन किया जाना है।