धिमिश्री। शमसाबाद क्षेत्र के एक गांव में रात के समय ट्रैक्टर ने घर के बाहर अपने नाती नातिन को साथ लेकर सो रही बुजुर्ग महिला को रौंद दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर चारपाई में जा घुसा जिससे घर के बाहर सो रही महिला व चार बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची है। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है।

जानकारी के मुताबिक थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव मेहरमपुर निवासी माया देवी पत्नी मुरारी अपने नाती नातिन क्रमशः नंदनी उम्र 11, डॉली उम्र 9, हर्ष उम्र 7, कुनाल उम्र 6 लेकर घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं। तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर को चालक ने चारपाई पर सो रहीं महिला, बच्चों के ऊपर चढा दिया। चारपाई पर सो रहे महिला बच्चों की चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों को इकट्ठा होता देख, चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग निकला।

आनन-फानन में ग्रामीणों ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनका उपचार दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि रात्रि में तेज आंधी आने के चलते बिजली नहीं आई थी, इसलिए परिवार चारपाई बिछाकर घर के बाहर सो रहा था। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई गई है। थानाध्यक्ष शमसाबाद राजीव कुमार ने बताया ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को छोड़ कर भाग गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।