बिहार न्यूज
वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर के परिसर में शिक्षक संसार (शिक्षक-अभिभावक-जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम) का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक महेंद्र राम एवं विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ शिक्षक केशव नारायण राय ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के पोषक क्षेत्र के सभी अभिभावक, जनप्रतिनिधि, प्रखंड के सभी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महेंद्र राम ने कहा कि शिक्षक और अभिभावकों के बीच संवाद अत्यंत आवश्यक है। जनप्रतिनिधियों की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि वे विद्यालय के विकास में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा, सड़क, बिजली और पानी सहित सभी क्षेत्रों में समावेशी विकास किया गया है।

उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे प्रत्येक माह अभिभावकों के साथ संवाद करें, ताकि बच्चों को नशे जैसी बुरी आदतों से बचाया जा सके और उन्हें उचित संस्कार मिल सकें।
वहीं विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे न कोई छीन सकता है और न चुरा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और किसी भी समस्या पर शिक्षकों से संवाद करें।
उन्होंने बिहार के कई 10+2 विद्यालयों में भवन, इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षकों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए केवल आंकड़े नहीं, बल्कि जमीनी सुविधाएं भी आवश्यक हैं।
विद्यालय परिवार की मांग पर विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह ने अगले वित्तीय वर्ष में एक अतिरिक्त कक्ष निर्माण का आश्वासन दिया। वहीं विधायक महेंद्र राम से विद्यालय भवन के ऊपर सभागार निर्माण की मांग की गई, जिस पर उन्होंने शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय परिसर में स्थापित महान स्वतंत्रता सेनानी बेचन शर्मा के चित्र पर अतिथियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात प्रधानाध्यापक विजय कुमार द्वारा सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं माला देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत विधान परिषद सदस्य निधि से निर्मित कक्ष, जिला परिषद कोटा से जीर्णोद्धारित भवन, शौचालय निर्माण तथा शिक्षा विभाग के कोष से बने भवन का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया।
इस मौके पर मजे लाल राय, बसंत सिंह, प्रभात चौधरी, रामेश्वर प्रसाद सिंह, कुमार सौरभ, वकील राय, राज नारायण महतो, तपसी प्रसाद सिंह, राजेश कुमार, संजय कुशवाहा, हरिनंदन कुमार, रघुवंश प्रसाद सिंह, अनिल कुमार, नगीना सिंह, बसकित राय, राम लखन राय, अवधेश राय, अमीर कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।