Bihar News :वैशाली के SG निकेतन में नवरात्र पर डांडिया नृत्य कार्यक्रम, बच्चों ने बिखेरा सांस्कृतिक रंग
संवाददाता: राजेंद्र कुमार
राजापाकर (वैशाली)। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बेलकुंडा चौक स्थित एसजी निकेतन विद्यालय परिसर में नवरात्र के अवसर पर डांडिया नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत की मुखिया बेबी देवी, विद्यालय के निदेशक अमरेश कुमार एवं प्रधानाध्यापक अमित कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने डांडिया नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
डांडिया कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे‘, ‘ढोली तारो ढोल बाजे’, ‘शुभारंभ’ और ‘कमरिया’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुन पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। रंग-बिरंगी पोशाकों में बच्चों की सामूहिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा नौ की छात्राओं कृतिका एवं सृष्टि ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना था। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आपसी सहयोग, सामूहिक सहभागिता और भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि विकसित होती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, राकेश कुमार, शबनम कुमारी, खुशबू कुमारी, स्वाति एवं मीरा सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।