संवाददाता: मनोज कुमार | जसवंतनगर, इटावा
जसवंतनगर। क्षेत्र के भोगनीपुर गंग नहर से निकली खारजा झाल के हनुमान मंदिर के पास स्थित सप्तधारा कुंड में सैकड़ों मछलियों की मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह कुंड का दृश्य देखकर ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिदिन आसपास के कई गांवों से लोग यहां मछलियों को दाना डालने आते हैं, लेकिन रविवार को कौशलेन्द्र, अश्विनी, श्यामू, विवेक, योगेश सहित अन्य लोग जब कुंड पर पहुंचे तो उन्होंने सैकड़ों मछलियों को पानी में मृत अवस्था में तैरते देखा। कुंड का पानी भी अत्यधिक गंदा नजर आया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नवरात्रि के दौरान ब्रह्माणी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा कुंड में कूड़ा-करकट फेंकने से गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। इसके चलते पानी का प्रवाह बाधित हो गया है और उसमें ऑक्सीजन की मात्रा कम हो गई है। गंदगी के सड़ने से उत्पन्न हालात में मछलियों का जीवित रहना मुश्किल हो गया, जिससे उनकी मौत हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कुंड पूरी तरह प्रदूषित हो सकता है और जलीय जीवन समाप्त होने का खतरा बढ़ जाएगा।
इस संबंध में नहर विभाग के जेई महिपाल सिंह ने बताया कि भोगनीपुर गंग नहर से कुंड में ताजा पानी छोड़े जाने की व्यवस्था की जा रही है। ताजा पानी आने से कुंड की स्थिति में सुधार होगा और मछलियों की मौत पर रोक लग सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कुंड में गंदगी न डालें और साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।