राजापाकर/वैशाली।
राजापाकर प्रखंड अंतर्गत रामपुरानी ग्राम में शनिवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक गरीब परिवार का घर जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस अग्निकांड में घर में रखा कपड़ा, बर्तन, अनाज, नगद राशि सहित बेटी की शादी के लिए संजोकर रखे गए सभी सामान जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार को लगभग दो लाख रुपये से अधिक की क्षति का अनुमान है।

अग्निकांड की घटना रामपुरानी ग्राम निवासी पूनम देवी, पति रंजीत साह के घर में हुई। आग इतनी भयावह थी कि झोपड़ी नुमा मकान पूरी तरह जल गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पंपिंग सेट, मोटर और चापाकल की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे आग फैलने से रोकी जा सकी।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व कर्मचारी सूरज कुमार मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। इसके बाद रविवार को अंचलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर अंचल कार्यालय द्वारा पीड़ित अग्निप्रभावित परिवार को ₹7,000 नगद, ₹5,000 कपड़ा खरीदने हेतु एवं चार तिरपाल प्रदान किया गया।
वहीं समाजसेवी धीरेंद्र मिश्रा, कामेश्वर प्रसाद सिंह, मुकुल कुमार, छोटू कुमार, चुनचुन चौधरी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आवास योजना के तहत पक्का घर देने एवं जिला प्रशासन द्वारा ₹5 लाख मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।