Bihar News: प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में पंचायत समिति की बैठक समाप्ति के उपरांत स्थानीय विधायक महेंद्र राम द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक ने आम लोगों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

जनता दरबार में प्रखंड अनुरक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अनुरक्षक पप्पू कुमार के नेतृत्व में अपनी समस्याओं को लेकर विधायक को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपा। अनुरक्षकों ने बताया कि नल-जल योजना के तहत उनकी जमीन पर टावर लगाए गए हैं, लेकिन इसके एवज में मिलने वाली राशि वार्ड एवं सचिव के खाते में चली जाती है, जिससे उन्हें भुगतान नहीं हो पाता। उन्होंने सरकार से सीधे अनुरक्षकों के खाते में राशि भेजने की मांग की।
इस पर विधायक महेंद्र राम ने स्पष्ट किया कि सरकार के नियमों के अनुसार नल-जल योजना की राशि वार्ड क्रियान्वयन समिति के खाते में ही भेजी जाती है, इसलिए सीधे अनुरक्षकों के खाते में भुगतान संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह केवल राजापाकर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की समस्या है और इसे आगामी विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। विधायक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जो वार्ड सदस्य अनुरक्षकों को भुगतान नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि वार्ड सदस्यों को भुगतान के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है, समयसीमा के भीतर भुगतान नहीं होने पर संबंधित वार्ड सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को वार्ड सदस्यों एवं अनुरक्षकों की संयुक्त बैठक बुलाकर समीक्षा करने तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर में सफाई कर्मियों को समय पर मानदेय नहीं मिलने की शिकायत पर विधायक ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय को एजेंसी पर सख्त कार्रवाई कर सफाई कर्मियों को समय से भुगतान कराने का निर्देश दिया। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच मार्ग की समस्या को लेकर बताया गया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
जनता दरबार में कई लोगों ने जीविका योजना की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत की। इस पर प्रखंड जीविका पदाधिकारी राजकुमार शाह ने बताया कि आधार-खाता में गड़बड़ी के कारण भुगतान रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि मार्च से पहले शेष सभी लाभार्थियों के खातों में लगभग 10 हजार रुपये की राशि भेज दी जाएगी।
वहीं पीएचईडी की नल-जल योजना से पानी आपूर्ति नहीं होने की शिकायत पर पीएचईडी के जेई को निर्देश दिया गया कि जहां पानी की समस्या है, वहां जांच कर शीघ्र आपूर्ति बहाल की जाए।
इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अवधेश राय, भीम कुमार, अशोक सिंह, विजय कुमार राय, सुबोध कुमार सिंह, गुड्डू सिंह, बजरंग प्रसाद सिंह, मानो सिंह, शिवनाथ सिंह, मुकेश पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं आम लोग उपस्थित रहे।