Bihar News: पश्चिमी चंपारण में तीन साइबर फ्रॉड गिरफ्तार, मोबाइल व एटीएम कार्ड बरामद

20260303_222120
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया । पश्चिमी चंपारण

पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन एवं दो एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मार्च 2026 को मझौलिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में म्यूल अकाउंट (Mule Accounts) खरीदकर उन खातों में साइबर फ्रॉड से प्राप्त राशि मंगाते हैं। इसके बाद आरोपी अपना कमीशन काटकर शेष रकम अपने अन्य साइबर अपराधी साथियों को ट्रांसफर कर देते हैं।

सूचना के अनुसार आरोपियों द्वारा उपयोग किए जा रहे खातों पर राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (NCRP) में कई शिकायतें दर्ज हैं तथा इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इनकी तलाश अन्य राज्यों एवं जिलों की पुलिस भी कर रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, बेतिया के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम मझौलिया चीनी मिल गेट के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक एटीएम पहुंची, जहां तीन संदिग्ध व्यक्ति एटीएम के पास खड़े मिले। पुलिस वाहन को देखकर तीनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान इस प्रकार

बताई गिरफ्तार आरोपी :
1. असफाक आलम, पिता – सेराजुल अंसारी
2. सरफराज आलम, पिता – फकेर आलम
3. अरवाज आलम उर्फ रेयाजूल अली, पिता – हसनैन मियां

सभी निवासी – जौकटिया, वार्ड संख्या-05, थाना मझौलिया, जिला पश्चिमी चंपारण (बेतिया)

मोबाइल जांच के दौरान आरोपियों के फोन से विभिन्न विदेशी नंबरों पर व्हाट्सएप कॉलिंग एवं संदिग्ध चैटिंग के प्रमाण मिले हैं।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मझौलिया थाना कांड संख्या 218/26, दिनांक 02.03.2026 दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

बरामदगी :

• मोबाइल फोन – 03
• एटीएम कार्ड – 02

पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है तथा साइबर अपराध से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Trending News