संवाददाता: राजेंद्र कुमार
राजापाकर / वैशाली : वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के भलुई कॉलेज परिसर में 15 दिवसीय प्रखंड स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर पंडित दीनदयाल उपाध्याय योग संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस पहल को प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सिंगर के विशेष प्रयासों से संभव बनाया गया है।
इस योग शिविर में प्रखंड स्तर पर स्थानीय युवक-युवतियों एवं छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
संस्थान के निदेशक पंडित दिनेश कुमार दुबे ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति रोग मुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने योग को आत्मा और परमात्मा के मिलन का माध्यम बताते हुए कहा कि यह प्राचीन भारतीय विद्या शरीर, मन और आत्मा के संतुलन की कला सिखाती है। योग केवल आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि जैसे अष्टांग मार्ग पर आधारित है।
योग प्रशिक्षक दुर्गेश गोस्वामी और लेडी ट्रेनर तनु पुंडीर ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया और उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक दिनेश कुमार दुबे द्वारा चार छात्रों को योग में पीजी डिप्लोमा करने के लिए प्रति छात्र ₹13,500 की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक अंकेश पांडे, विकास मित्र संजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।