आगरा। आशियाना महिला समिति की ओर से पब्लिक स्पीकिंग एंड कम्युनिकेशन स्किल्स विषय पर सेमिनार का आयोजन सिकंदरा स्थित एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में किया गया। सेमिनार का शुभारंभ मुख्य अतिथि संस्थान के चेयरमैन स्कॉन लीडर डॉ. ए.के. सिंह, विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद डॉ. माया श्रीवास्तव, रौशनी ट्रस्ट की अध्यक्ष मनोज बल और मुख्य वक्ता डॉ. विधु गौड़ गुलाटी (गुरुग्राम) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य वक्ता डॉ. विधु गौड़ गुलाटी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में प्रभावी संवाद और मंच पर बोलने की कला व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती है। एक सफल प्रवक्ता बनने के लिए स्पष्ट भाषा, आत्मविश्वास, शारीरिक हावभाव, आंखों का संपर्क और प्रेजेंटेबल होना बेहद जरूरी है।
सेमिनार में विद्यार्थियों को प्रभावशाली पब्लिक स्पीकिंग के सिद्धांत, आत्मविश्वास बढ़ाने की तकनीकें, सुनने और समझने की कला, बॉडी लैंग्वेज तथा स्वर अभिव्यक्ति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
आशियाना महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज प्रशांत ने बताया कि संस्था का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का संचालन मनोज बल ने किया। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
- कार्यक्रम में डॉ. प्रमिला चावला, डॉ. विक्रांत शास्त्री, डॉ. अनूप गोयल, राखी जैन, शारदा गुप्ता, अर्निमा भार्गव, सरोज गर्व, इंदु जैन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।