Bihar News | राजापाकर (वैशाली)
प्रखंड क्षेत्र के भुवनेश्वर चौक स्थित न्यूटन क्लासेस द्वारा आयोजित ‘न्यूटन टैलेंट सर्च एग्जाम’ का सफल आयोजन रविवार को केसीआई विद्यालय, राजापाकर में किया गया। इस प्रतियोगी परीक्षा में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए 594 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए केसीआई विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस दौरान कक्षा 7वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रश्नपत्र संबंधित कक्षाओं के पाठ्यक्रम पर आधारित थे, जिनके उत्तर परीक्षार्थियों ने ओएमआर शीट पर दिए।
इस अवसर पर न्यूटन क्लासेस के निदेशक अमरनाथ चौहान ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण छात्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही मंच और प्रोत्साहन की है।
वहीं परीक्षा के कोऑर्डिनेटर सुधीर कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा का परिणाम 30 जनवरी को न्यूटन क्लासेस की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। इसके बाद 1 फरवरी को सम्मान समारोह का आयोजन कर प्रत्येक वर्ग के टॉप 50 रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक कक्षा से प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को न्यूटन क्लासेस में एक वर्ष तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त संपन्न कराने में कमलनाथ चौहान, भोलानाथ सिंह, सनी सिंह, दिलीप कुमार, सचिन, सर्वोत्तम, विक्रम, सृष्टि, राज नंदनी, नीतू, अनीशा सहित संस्थान के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।