नेशनल लोक अदालत की तैयारी तेज, प्रधान जिला जज ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ की बैठक
संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की सफलता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिवगोपाल मिश्रा ने बेतिया में पदस्थापित सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में प्रधान जिला जज ने न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने न्यायालयों से चिन्हित वादों में पक्षकारों को नोटिस निर्गत करें तथा अधिक से अधिक मामलों में प्री-सिटिंग कर पक्षकारों को आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से वादों के निष्पादन के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से निष्पादन करना है। उन्होंने सभी न्यायिक पदाधिकारियों से पिछली लोक अदालत की तुलना में इस बार बेहतर प्रदर्शन करने तथा अधिक से अधिक वादों का निष्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रधान न्यायाधीश मिलन कुमार सहित बेतिया में पदस्थापित सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।