संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली।
हाजीपुर के ऐतिहासिक मोक्षधाम कौनहारा घाट पर गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब बड़ी संख्या में लोग सीआरपीएफ जवान पिंटू कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घाट पर पहुंचे थे।
मृतक की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र के बखरी सुपयन गांव निवासी अमन कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह फकिरा राय के पुत्र थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमन कुमार गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अमन कुमार की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बखरी सुपयन गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।