Etawah News: अंतिम मतदाता सूची जारी, 24 हजार नए मतदाता बने

संवाददाता महेश कुमार
इटावा: विधानसभा चुनाव 2022 के मतदाताओं की अंतिम सूची का बुधवार को प्रकाशन कर दिया गया है। इसके तहत जनपद में तीन विधानसभा क्षेत्र के कुल 11 लाख 99 हजार 369 मतदाता तीन विधायक का चुनाव करेंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होने से पूर्व बीते दो माह में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य व्यापक पैमाने पर जनपद के हर मतदान केंद्र पर कराया गया था। इसमें तीन विधान सभा क्षेत्र से 33 हजार 595 लोगों ने मतदाता बनने के लिए फार्म छह भरकर दिए थे। जांच में 33 हजार 32 सही पाए गए।
इसी तरह तीनों विधानसभा क्षेत्र से आठ हजार 969 फार्म सात भरे गए जिनमें आठ हजार 705 सही पाए गए। इस तरह कुल 24 हजार 327 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समय पर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा चुनाव 2022 की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया है। मतदाताओं से संबंधित अन्य कार्य आयोग के निर्देशानुसार ही होंगे।