बिहार न्यूज
पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) चम्पारण क्षेत्र, बेतिया हर किशोरी राय ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में यातायात एवं साइबर थानों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में चम्पारण क्षेत्र के तीनों जिलों के यातायात पुलिस उपाधीक्षक एवं साइबर पुलिस उपाधीक्षक शामिल हुए।

- समीक्षा के दौरान डीआईजी हर किशोरी राय ने जन विश्वास संकल्प के तहत पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने विशेष रूप से यातायात और साइबर थानों में लंबित मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उनके त्वरित निष्पादन के आदेश दिए।
डीआईजी ने निर्देश दिया कि I-RAD / e-DAR की प्रविष्टि एवं दर्पण पोर्टल पर डेटा को समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जाए। साथ ही CCTNS प्रणाली में केस डायरी और आरोप पत्र की प्रविष्टि ससमय सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए डीआईजी ने वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की जैसी कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि साइबर अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीआईजी ने नगर निगम के सहयोग से सड़कों और प्रमुख चौकों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक लाइट लगाने की योजना पर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इससे आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।