संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया / पश्चिमी चंपारण।
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान चनपटिया विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को लेकर विधायक अभिषेक रंजन ने सदन में सरकार का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने नियम 292 (घ) के तहत निवेदन देते हुए चनपटिया नगर क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम तथा चनपटिया प्रखंड में गर्ल्स कॉलेज के निर्माण की मांग रखी।

विधायक ने अपने निवेदन में कहा कि चनपटिया नगर क्षेत्र में खेल गतिविधियों के लिए इंडोर स्टेडियम की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। जबकि बैडमिंटन और कैरम जैसे खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी इस क्षेत्र से जुड़े हैं।
इंडोर खेल सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इंडोर स्टेडियम निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की।
इसके साथ ही विधायक ने चनपटिया प्रखंड में छात्राओं की उच्च शिक्षा से जुड़ी समस्या को भी गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि गर्ल्स कॉलेज नहीं होने के कारण छात्राओं को 15 से 25 किलोमीटर दूर जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है, जिससे कई छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित हो जाती हैं।
विधायक ने सरकार से छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए चनपटिया में गर्ल्स कॉलेज निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन दोनों योजनाओं के लागू होने से क्षेत्र के युवाओं और छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।